मादक पदार्थ की तस्करी का खुलासा करते हुए पुलिस ने 214 किलो गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की कीमत करीब एक करोड़ सात लाख रुपये आंकी गई है।
झांसी के बबीना थाना क्षेत्र में सुकुवां-ढुकुवां रोड स्थित नयाखेड़ा के पास बबीना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 214 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। मामले में सतपाल उर्फ सत्यपाल निवासी सौदापुर, थाना बार्डर टाउन, जिला पानीपत, हरियाणा और मोहन कुशवाहा निवासी सिंधिया नगर, थाना बहोड़ापुर, ग्वालियर को गिरफ्तार किया गया है। भुवनेश्वर से ग्वालियर पहुंचाना था गांजा
पूछताछ में मोहन कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि उसका पड़ोसी आकाश कुशवाहा गांजे के कारोबार से जुड़ा है। उसके साथ वह किराये की गाड़ी से भुवनेश्वर, ओडिशा गया था। वहां आकाश के साथियों ने ट्रक में गांजा लोड कराया था और इसे ग्वालियर पहुंचने के बाद उतारने की बात कही गई थी।
ट्रक चालक सतपाल ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक किराये पर लेकर चलाता है। उसकी सात सितंबर को आकाश से मुलाकात हुई थी। पुलिस के अनुसार आकाश ने ट्रक में गांजा रखवाने के बाद अपना फोन बंद कर लिया और रास्ते में ढाबों से फोन कर संपर्क करने के लिए कहा था। एक करोड़ सात लाख रुपये का गांजा बरामद
एसएसपी विकास कुमार के अनुसार बरामद 214 किलो गांजे की कीमत करीब एक करोड़ सात लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बबीना थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।