चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दंपती और बाल अपचारी मिलकर पहले घरों की रेकी करते थे और सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। कार्रवाई में बड़ी मात्रा में आभूषण और नकदी बरामद हुई है।
जनपद के थाना तिंदवारी क्षेत्र में चार अलग-अलग घरों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस को सूचनाएं मिली थीं। इनमें गुजरतिया, शिवप्रसाद, जगप्रसाद और दुर्गेश ने अपने-अपने घरों में चोरी होने की जानकारी पुलिस को दी थी। शिकायतों पर मुकदमे दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह के पर्यवेक्षण में थाना तिंदवारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हमीद पुत्र वहीद और उसकी पत्नी नर्गिस को ग्राम पपरेन्दा रोड पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी चोरी के माल के साथ संरक्षण में लिया।
सूने घरों की करते थे रेकी
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ शिवराज ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ह एक ही परिवार के सदस्य हैं और घूम-घूमकर घरों की रेकी करते थे। जिन घरों में कोई मौजूद नहीं होता था, वहां दरवाजा या खिड़की तोड़कर बाल अपचारी को घर के अंदर भेजा जाता था, जबकि पति-पत्नी बाहर रहकर निगरानी करते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के आभूषण तथा 54,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में दो गले के हार, दो गले की चेन, एक जोड़ी लटकन, एक जोड़ी झुमका, एक कान का कुंडल, दो कान की बालियां, एक कमरबंध, पांच जोड़ी पायल, चार सिक्के, नौ बिछिया और छह कंगन शामिल हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हमीद पुत्र वहीद निवासी मोहल्ला भगवती नगर, कस्बा व थाना तिंदवारी तथा नर्गिस पत्नी हमीद निवासी मोहल्ला भगवती नगर, कस्बा व थाना तिंदवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे भी जांच की जा रही है। आरोपियों द्वारा अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की संभावना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष तिंदवारी संदीप पटेल, उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र वर्मा, कांस्टेबल महेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल अमन मिश्रा, कांस्टेबल अनूप कुमार, कांस्टेबल सत्यम उपाध्याय, महिला कांस्टेबल कल्पना राजपूत और महिला कांस्टेबल दीक्षा शामिल रहीं।