बाढ़ की तबाही के बीच मुख्यमंत्री ने प्रभावित इलाकों का जायजा लेकर लोगों को राहत का भरोसा दिया। हवाई सर्वे के बाद वह रामघाट पहुंचे और बाढ़ से हुए नुकसान को अपनी आंखों से देखा। व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियां जानीं और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
चित्रकूट पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामघाट का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदाकिनी नदी के बढ़े जलस्तर और बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली। इस दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त संत तुलसीदास की प्रतिमा को भी उन्होंने देखा और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। रामघाट के बाद रामायण मेला पहुंचे सीएम
रामघाट का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री रामायण मेला परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री की किट वितरित की। बच्चों से मुलाकात की और उन्हें टॉफियां भी बांटीं। मुख्यमंत्री के सामने प्रभावित लोगों ने बाढ़ से हुए नुकसान और अपनी परेशानियों की जानकारी रखी। घर बहने वालों को मिलेगा नया आशियाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ में घर बहने या पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने वाले परिवारों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया मकान दिया जाएगा। जरूरत के अनुसार पात्र लोगों को जमीन का पट्टा भी उपलब्ध कराया जाएगा। सीएम बोले आपदा की घड़ी में सरकार आपके साथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि चित्रकूट में बाढ़ आने के समय वह बलिया में थे, लेकिन उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए थे। 36 गांव बाढ़ से है प्रभावित
मंदाकिनी नदी के उफान से जिले के 36 गांव प्रभावित हुए हैं। कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि किसानों की खरीफ की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। रामघाट क्षेत्र में सुरक्षा के लिए जल पुलिस, मोटरबोट और गोताखोरों को तैनात किया गया है। प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री के दौरे से बाढ़ प्रभावित परिवारों में राहत की उम्मीद जगी है। उन्होंने प्रशासन को प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और क्षतिग्रस्त मकानों का आकलन कर पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी जिला मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।