एक ही रात में नकाबपोश बदमाशों ने तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद पार कर दिए। एक घर में घुसे बदमाशों ने महिला के गले पर कट्टा सटाकर उसका गला दबाया। इसके बाद दूसरे घरों में सो रहे परिजनों को कमरों में बंद कर वारदात को अंजाम दिया। भागते समय ग्रामीणों पर भी असलहे तानने का आरोप है।
मामला वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के भतसार जोगीवीर पाही गांव का है। यहां बीती रात नकाबपोश बदमाशों ने चंद्रिका प्रसाद मास्टर के घर को निशाना बनाया। घर में मौजूद अंजना देवी पर बदमाशों ने कट्टा सटा दिया और उनका गला दबाया। इसके बाद एक कमरे का ताला तोड़कर करीब पांच हजार रुपये नकद और आभूषण लेकर फरार हो गए।
इसके बाद बदमाश जमुना प्रसाद के घर में पीछे के रास्ते से दाखिल हुए। घर में सो रहे परिजनों के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए गए। इसके बाद दो कमरों के ताले तोड़कर करीब 20 हजार रुपये नकद और लगभग छह लाख रुपये कीमत के आभूषण समेट लिए।
बदमाशों ने तीसरे घर के रूप में रामसूरत के मकान को निशाना बनाया। आरोप है कि छत के रास्ते घर में घुसकर उन्होंने एक कमरे में सो रहे परिजनों को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद अटैची तोड़कर करीब चार हजार रुपये नकद और लगभग एक लाख रुपये के आभूषण ले लिए। वारदात के बाद भागते समय बदमाशों ने ग्रामीणों पर असलहे भी ताने। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने की जांच
लगातार तीन घरों में वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया। खोजी कुत्ता घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर आरआरसी सेंटर के पास जाकर रुक गया। पुलिस ने बताई चोरी,जांच जारी
थाना अध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया यह चोरी की घटना प्रतीत हो रही है और इसे लूट का मामला नहीं माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा बदमाशों की पहचान और बरामदगी के प्रयास किये जा रहे हैं।