सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ में 8 आरोपियों को पकड़ा हैं। वहीं मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है। बदमाशों के पास से लूट की पांच लाख नगदी भी बरामद हुई है।
वाराणसी कमिश्नरेट की चेतगंज और रामनगर की संयुक्त पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 27 जून को चेतगंज थाना क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी के साथ हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पर्दाफाश किया। साथ ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के पांच लाख रुपये भी बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में एक मुख्य आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया है। गोली लगने से घायल हुए सरगना
सर्विलांस सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चेतगंज व रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की घेराबंदी की। दबिश के दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी आकाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी प्रद्युम्न यादव ने अपने साथी गोविंद को और आरोपी आशीष मौर्य ने मुख्य आरोपी आकाश सेठ को पीड़ित (वादी मुकदमा) के आने-जाने के समय की सटीक रेकी और जानकारी दी थी। इसी मुखबिरी के आधार पर इस सनसनीखेज लूट को अंजाम दिया गया। यह था पूरा मामला
पीड़ित व्यक्ति 27 जून 2026 को अपने प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के लिए नदेसर से उधार पैसे लेकर अपने मित्र के साथ स्कूटी से घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाटी चोखा रेस्टोरेंट से पहले तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने उसे रोका और स्कूटी के आगे रखा कपड़े का झोला लूटकर फरार हो गए, जिसमें लगभग पांच लाख रुपये नकद थे। अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बंगर ने बताया की पुलिस ने रामनगर के लंका मैदान स्थित प्रकाश ढाबा के पास से आकाश सेठ निवासी नवापुरा,दारानगर, कोतवाली वाराणसी (मुठभेड़ में घायल),आशीष मौर्य निवासी शिवरामपुर,गोसाईं पुर,चोलापुर, वाराणसी,
सिपाही उर्फ विजय यादव निवासी बसारिकपुर, चंदौली,आकाश यादव निवासी शास्त्री नगर,चंदौली,प्रद्युम्न यादव निवासी झांसी चंदौली,गोविंद मौर्य निवासी झांसी थाना,चंदौली,अमित कुमार निवासी गाजीपुर वर्तमान पता बसारिकपुर,चंदौली,जावेद अख्तर निवासी नसीरपुर, चंदौली को गिरफ्तार किया गया है।