बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों मध्यप्रदेश के सतना जिले से बाइक पर चित्रकूट जा रहे थे। इचौली के पास पोल संख्या 73.3 के आसपास बाइक चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और परिजनों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सतना जिले के नकेला गांव निवासी मोहन मिश्रा (50) पुत्र इंद्रमणि मिश्रा और संजय पांडेय (45) पुत्र मुन्ना पांडेय के रूप में हुई। दोनों अपने परिजनों के साथ धार्मिक यात्रा पर गए थे और वापस भरतकूप की ओर लौट रहे थे। हादसे के समय दोनों हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी जान नहीं बच सकी।
हादसे के समय पीछे दूसरी बाइक से आ रहे परिजनों ने मौके पर पहुंचकर राहगीरों की मदद से पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर इचौली पुलिस चौकी प्रभारी हर्षवीर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मृतकों के परिवार में मचा कोहराम
मोहन मिश्रा और संजय पांडेय दोनों खेती-किसानी से जुड़े थे। हादसे में दोनों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बाइक चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।