यूपी-दिल्ली रैली से दूरी पड़ी भारी, युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारी निलंबित

SHARE:

दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की महारैली में शामिल नहीं होना उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारियों को भारी पड़ गया। संगठन के निर्देश के बावजूद रैली में गैरहाजिर रहने पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी 68 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई में प्रयागराज के जिलाध्यक्ष समेत पांच पदाधिकारी भी शामिल हैं।
दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की गई थी। पार्टी नेतृत्व की ओर से सभी पदाधिकारियों को रैली में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई पदाधिकारी रैली में नहीं पहुंचे। संगठन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबित किए गए पदाधिकारियों में प्रयागराज युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सौरभ पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेश कुमार मिश्रा, प्रदेश महासचिव निशांत रस्तोगी और अनुभव सिंह तथा प्रदेश सचिव आयुष मौर्य शामिल हैं।
प्रदेशभर में हुई इस कार्रवाई के तहत 12 जिलाध्यक्ष, तीन प्रदेश उपाध्यक्ष, 33 प्रदेश महासचिव, 18 प्रदेश सचिव, एक संयुक्त सचिव और एक सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर को निलंबित किया गया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हसीब अहमद ने भी 68 पदाधिकारियों के निलंबन की पुष्टि की है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को संगठन में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्रयागराज के पांच नेताओं पर कार्रवाई
प्रयागराज से निलंबित होने वालों में जिलाध्यक्ष सौरभ पांडेय के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष जितेश कुमार मिश्रा, प्रदेश महासचिव निशांत रस्तोगी, प्रदेश महासचिव अनुभव सिंह और प्रदेश सचिव आयुष मौर्य शामिल हैं। जिले में इस कार्रवाई के बाद युवा कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में हलचल तेज हो गई है।
राष्ट्रीय नेतृत्व का सख्त संदेश
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने दिल्ली रैली में अनुपस्थिति को संगठनात्मक अनुशासनहीनता मानते हुए यह कदम उठाया है। प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारियों पर हुई कार्रवाई से साफ है कि संगठन नेतृत्व के निर्देशों की अनदेखी को गंभीरता से ले रहा है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई