शाहजंहापुर-गला काटकर युवक की हत्या,भाई ने पत्नी व भांजे पर लगाया हत्या का आरोप

SHARE:

गला काटकर युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक के भाई ने पत्नी व भांजे पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के गांव भटपुरा चंदू निवासी बलराम (30 वर्ष) की बुधवार रात चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई। उनके भाई ने अपनी भाभी पूजा देवी और हरदोई के थाना पिहानी के गांव सलेमपुर डर्रा निवासी भांजे आदेश व उसके दो साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि आदेश के अपनी मामी से अवैध संबंध थे। बलराम इसमें बाधा बन रहा था। बलराम ने गांव के बाहर घर बनाया है। पास में ही बलराम के छोटे भाई राजू ने झोपड़ी डाल रखी है। बलराम अपनी पत्नी पूजा देवी और दो पुत्रों, दो पुत्रियों के साथ रहते थे। बृहस्पतिवार सुबह बलराम के भाई राजू ने दरवाजे पर जाकर आवाज दी। दरवाजा बलराम की पत्नी पूजा देवी ने खोला और बलराम के बारे में पूछने पर जोर-जोर से रोने लगी। पूजा ने कहा कि पति की किसी ने हत्या कर दी है। अंदर जाने पर बरामदे में चारपाई पर बलराम का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। बलराम का गला रेता गया था। राजू ने यूपी-112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पूजा ने बताया कि पति की हत्या आदेश और दो अन्य लोगों ने की है। बलराम के दिव्यांग भाई राजू ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि रात एक बजे भाई बलराम के जोर से चीखने की आवाज आने पर उसने खिड़की से झांककर देखा। आदेश को हत्या करते हुए पहचान लिया। दो अन्य लोगों को वह नहीं जानता है। आरोप लगाया कि आदेश के उनकी भाभी पूजा से अवैध संबंध थे। इस कारण दोनों ने साजिश रचकर दो अन्य लोगों के साथ मिलकर बलराम की हत्या की है। डर के कारण वह रात में चुप रहा था।
पुलिस ने पत्नी को किया गिरफ्तार
हत्या की सूचना पर एसपी ग्रामीण, सीओ प्रवीण मलिक और थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जिला मुख्यालय से फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। मौके से भागे आदेश और उसके साथियों की तलाश में पुलिस टीम हरदोई गई है। पूजा को हिरासत में ले लिया गया है। सीओ ने बताया कि राजू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आदेश और पूजा के बीच अवैध संबंधों में बलराम की हत्या का आरोप लगाया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे अरुण ने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे यूपी-112 से सूचना मिली कि पत्नी ने पति की हत्या कर दी है। पुलिस के पहुंचने पर बलराम मृत मिले। जानकारी मिली कि बलराम के भांजे और अन्य लोग भी हत्या में शामिल हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। कहा कि जल्द ही उन्हें पकड़ा जायेगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment