प्रयागराज-सिर्फ शक के आधार पर वाहन जब्त करना गैरकानूनी, हाईकोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 15 लाख से अधिक मुआवजे का भार

SHARE:

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में स्पष्ट किया है कि केवल संदेह के आधार पर किसी व्यावसायिक वाहन को गोवंश वध के उद्देश्य से परिवहन करने का आरोप लगाकर जब्त नहीं किया जा सकता। अदालत ने ऐसी कार्रवाई को गैरकानूनी मानते हुए उत्तर प्रदेश सरकार को वाहन मालिक को 15 लाख रुपये से अधिक मुआवजा देने का निर्देश दिया है।
न्यायमूर्ति संदीप जैन ने तेज प्रकाश की याचिका स्वीकार करते हुए यह आदेश पारित किया। मामला मिर्जापुर पुलिस की ओर से 18 सितंबर 2023 को एक डीसीएम आयशर वाहन को दो बैलों के साथ जब्त करने से जुड़ा था। अधिकारियों का आरोप था कि बैलों को काटने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था और इस तरह उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम का उल्लंघन किया गया था।
वाहन मालिक ने जब्ती और कुर्की की कार्रवाई को चुनौती देते हुए अदालत में कहा कि बैलों को वध के लिए ले जाने का कोई प्रमाण नहीं था। न ही पशुओं के साथ क्रूरता किए जाने की पुष्टि हुई थी। अदालत ने पाया कि अधिकारियों के पास ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं था, जिससे साबित हो सके कि वाहन पश्चिम बंगाल जा रहा था या बैलों को काटने के लिए ले जाया जा रहा था। मिर्जापुर की बिहार से भौगोलिक निकटता के आधार पर पश्चिम बंगाल ले जाने का अनुमान लगाना पर्याप्त नहीं है। न्यायालय ने यह भी उल्लेख किया कि दोनों बैलों का पशु चिकित्सक से परीक्षण नहीं कराया गया था। वाहन से गोमांस अथवा गोवंश के वध से संबंधित कोई अवशेष भी बरामद नहीं हुआ था। ऐसे में केवल आशंका के आधार पर वाहन को जब्त और कुर्क करना कानूनी रूप से उचित नहीं था। अदालत ने जब्ती और कुर्की के आदेश निरस्त करते हुए वाहन छोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि वाहन व्यावसायिक उपयोग में था और उसके जरिए मालिक की आजीविका चलती थी। बिना पर्याप्त कानूनी आधार के वाहन जब्त किए जाने से उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मुआवजे की राशि और अदालत का निर्देश
हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को 18 सितंबर 2023 से वाहन की वास्तविक रिहाई तक 40 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से मुआवजा देने का आदेश दिया है। इसके अतिरिक्त मानसिक परेशानी, आर्थिक कठिनाई और अनावश्यक उत्पीड़न के लिए 25 हजार रुपये अलग से देने को कहा है। इस तरह मुआवजे की कुल राशि 15 लाख रुपये से अधिक हो गई है।
दोषी अधिकारियों से वसूली का भी विकल्प
अदालत ने सरकार को यह छूट भी दी है कि वह उचित विभागीय जांच कराकर अवैध जब्ती के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों से मुआवजे की राशि वसूल सकती है। फैसले में स्पष्ट किया गया कि किसी भी नागरिक की आजीविका प्रभावित करने वाली प्रशासनिक कार्रवाई ठोस साक्ष्यों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप होनी चाहिए।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई