प्रयागराज में सेवापुस्तिका में कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। मामले में बेसिक शिक्षा निदेशक समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
मामले में उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी और परीक्षा नियामक प्राधिकारी के वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय को नामजद किया गया है। आरोप है कि परीक्षा नियामक प्राधिकारी में तैनाती के दौरान एक कर्मचारी की सेवापुस्तिका में गलत तरीके से प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कराई गई थी।
बीमारी की छुट्टी के दौरान दर्ज हुई प्रतिकूल प्रविष्टि एफआईआर के मुताबिक, सिविल लाइंस निवासी शशि कुमार यादव वर्ष 1995 से परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में कार्यरत थे। वह एक से 31 मार्च 2021 तक बीमारी के कारण अवकाश पर रहे थे। उनके इस अवकाश को 27 जुलाई 2021 को वेतन सहित स्वीकृति प्रदान की गई थी।शिकायतकर्ता का आरोप है कि 24 जून 2021 को तत्कालीन सचिव के निर्देश पर उनकी मूल सेवापुस्तिका और निजी पत्रावली मंगवाई गई थी। बाद में जब अभिलेख वापस मिले तो सेवापुस्तिका में 31 मार्च 2021 की तारीख से प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज मिली। उनका कहना है कि 22 जून 2021 को प्राप्त प्रमाणित प्रति में ऐसी कोई प्रविष्टि नहीं थी। आरटीआई से मिली जानकारी के आधार पर उठाए सवाल
शशि कुमार यादव ने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मिली जानकारी और कार्यालय के रजिस्टर के आधार पर आरोप लगाया कि प्रतिकूल प्रविष्टि बाद में दर्ज की गई और उसमें पुरानी तारीख दर्शाई गई। मामले में शिकायतकर्ता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। न्यायालय के आदेश पर आठ नवंबर को कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। निदेशक ने जानकारी न होने की कही बात
इस मामले में बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी का कहना है कि उन्हें अभी एफआईआर के संबंध में जानकारी नहीं है। जानकारी मिलने के बाद ही वह इस पर कुछ कह सकेंगे। पुलिस जांच में सामने आएंगे तथ्य
फिलहाल मामला सेवापुस्तिका में कथित अनियमितता और प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज किए जाने से जुड़ा है। पुलिस दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।