दिल्ली-आतिशबाजी ने बेजुबानों को पहुंचाया अस्पताल, दो कुत्तों की पूंछ में बांधे पटाखे

SHARE:

दिवाली पर आतिशबाजी का शोर और धुआं इंसानों के साथ बेजुबान पशु-पक्षियों पर भी भारी पड़ा। पटाखों की तेज आवाज से घबराए पक्षी घोंसलों से गिरकर घायल हो गए, वहीं कई कुत्ते और बिल्लियां आतिशबाजी की चपेट में आकर झुलस गए। दिवाली के बाद दिल्ली के अलग-अलग पशु-पक्षी अस्पतालों में घायल और बीमार जानवरों की संख्या बढ़ गई।
चैरिटी बर्ड्स अस्पताल के डॉ. रामेश्वर यादव के मुताबिक, दिवाली के बाद अस्पताल में 25 घायल और बीमार पक्षियों को उपचार के लिए लाया गया। पटाखों के तेज धमाकों से दो पशु-पक्षियों की मौत भी हुई। कई पक्षियों के पंख टूट गए, जबकि कुछ डर के कारण खाना छोड़कर कोनों में दुबक गए। इनमें ऐसे छोटे परिंदे भी शामिल थे, जिन्होंने अभी उड़ना तक नहीं सीखा था। द्वारका स्थित पशु अस्पताल में 16 कुत्तों और 10 बिल्लियों का उपचार किया गया। इनमें कई आतिशबाजी से झुलसे थे, जबकि कुछ को पटाखों से चोट लगी थी। हैरान करने वाली घटना में दो कुत्तों की पूंछ में पटाखे बांध दिए गए थे। मोहन गार्डन से दोनों कुत्तों को अस्पताल लेकर पहुंचे विवेक ने बताया कि वे बुरी तरह जल गए थे और दर्द से चिल्ला रहे थे।
धुएं और धमाकों से प्रभावित होते हैं पक्षी
पशु चिकित्सकों के अनुसार, पटाखों से निकलने वाला धुआं और हवा में फैले हानिकारक कण पक्षियों की सांस लेने की क्षमता को प्रभावित करते हैं। तेज आवाज और रोशनी से रात में सक्रिय रहने वाले पक्षी रास्ता भटक जाते हैं। कई बार घबराहट में वे घोंसलों से नीचे गिरकर घायल हो जाते हैं।
मुनिरका निवासी राजन ने बताया कि दिवाली पर आतिशबाजी के दौरान एक कबूतर उनकी छत पर आ गिरा था। वह काफी डरा हुआ था, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
तेज आवाज से कुत्तों में भी बढ़ता है डर
पशु चिकित्सक डॉ. बिपुल के मुताबिक, पटाखों की तेज आवाज से कुत्ते बुरी तरह डर जाते हैं। कुछ जानवर चिड़चिड़े हो जाते हैं और घबराहट में काटने की कोशिश भी कर सकते हैं। उनके क्लीनिक में रोजाना ऐसे तीन से चार मामले सामने आ रहे हैं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई