बाँदा-तालाब में डूबने से युवक और महिला की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

SHARE:

तालाब में डूबने से अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक महिला की मौत हो गई। युवक दोपहर में बाइक धोने के बाद तालाब में नहाने उतरा था, जबकि महिला सुबह पूर्णिमा के व्रत के लिए नहाने गई थी। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के अलिहा गांव की है। गांव निवासी शिवरतन के मुताबिक, उनका 20 वर्षीय बेटा नरेश रविवार दोपहर गांव के तालाब में बाइक धोने गया था। बाइक धोने के बाद वह तालाब में नहाने के लिए उतर गया। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी देर तक नरेश पानी से बाहर नहीं आया तो तालाब के आसपास नहा रहे लोगों को शक हुआ। उन्होंने उसके परिजनों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही परिजन तालाब पर पहुंचे और नरेश की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। परिजन उसे जीवित होने की उम्मीद में जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। नरेश के पिता ने बताया कि तालाब में जेसीबी से गहरा गड्ढा खोदा गया था और उनका बेटा उसी गड्ढे में डूब गया।
दूसरी घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के इटरा मिलौली गांव की है। गांव निवासी शिवविजय के मुताबिक, उनकी 44 वर्षीय पत्नी सुधा रविवार सुबह पूर्णिमा के व्रत के लिए घर के पास स्थित तालाब में नहाने गई थीं। नहाते समय उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गईं। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक महिला ने उन्हें पानी में डूबते देखा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन तालाब पहुंचे और सुधा की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सुधा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
तालाब में बने गहरे गड्ढे में डूबा युवक
नरेश के पिता शिवरतन ने बताया कि तालाब में जेसीबी से गहरा गड्ढा खोदा गया था। उनके मुताबिक, नरेश इसी गड्ढे में डूब गया। तालाब में गड्ढा खोदे जाने को लेकर उन्होंने चिंता जताई है। घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई