बाँदा-पीईटी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का औचक निरीक्षण

SHARE:

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के प्रथम दिन परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क रहा। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के इंतजामों का जायजा लिया गया। कलेक्ट्रेट स्थित नियंत्रण कक्ष से परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की गई।
रविवार को जिलाधिकारी अमित आसेरी ने पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के साथ इंटरमीडिएट कॉलेज, तिंदवारा और विद्यावती निगम मेमोरियल पब्लिक स्कूल, बांदा का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, परीक्षार्थियों की सघन तलाशी, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था और गोपनीय परीक्षा सामग्री के रखरखाव का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट को आयोग की निर्देश पुस्तिका का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा को पूरी शुचिता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने निर्देश दिए कि परीक्षा में आयोग के सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने दी जाए। सभी केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित मजिस्ट्रेट अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहकर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा के दौरान सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने पर जोर दिया।
नौ केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हुई परीक्षा
जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर 2026 को आयोजित की जा रही है। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। जिले में कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कलेक्ट्रेट स्थित नियंत्रण कक्ष से परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की जा रही है।
नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने पर प्रशासन का जोर
डीएम अमित आसेरी ने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष और नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रों पर सुरक्षा, तलाशी और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था के साथ संबंधित अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई