बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 23 IAS अधिकारियों का तबादला और पदस्थापन किया है। तबादला सूची में 2022, 2023 और 2024 बैच के अधिकारी शामिल हैं। कई अनुमंडल पदाधिकारियों को डीडीसी, नगर आयुक्त और अन्य महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पटना में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक 2023 बैच की IAS अधिकारी शिप्रा विजय कुमार चौधरी को आरा सदर के अनुमंडल पदाधिकारी पद से स्थानांतरित कर जमुई जिला परिषद का उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (DDC-cum-CEO) बनाया गया है। शिप्रा बिहार के उपमुख्यमंत्री की बेटी है।
शिप्रा विजय कुमार चौधरी इससे पहले आरा सदर की एसडीओ के पद पर तैनात थीं। नई जिम्मेदारी के साथ अब उन्हें जमुई जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और जिला परिषद से जुड़े प्रशासनिक कार्यों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालनी होगी। तबादला सूची में शिप्रा के अलावा भी कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। श्रेया श्री को खगड़िया जिला परिषद का डीडीसी-सह-सीईओ बनाया गया है। गरिमा लोहिया को बाढ़ एसडीओ से स्थानांतरित कर दरभंगा नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। अनिरुद्ध पाण्डेय को दानापुर एसडीओ से पूर्णिया नगर निगम का नगर आयुक्त और तुषार कुमार को पूर्णिया एसडीओ से मधुबनी जिला परिषद का डीडीसी-सह-सीईओ बनाया गया है। कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
आकांक्षा आनंद को सासाराम, रोहतास जिला परिषद का डीडीसी-सह-सीईओ, रोहित कर्दम को कैमूर जिला परिषद का डीडीसी-सह-सीईओ और डॉ. नेहा कुमारी को कटिहार जिला परिषद का डीडीसी-सह-सीईओ बनाया गया है। वहीं अंजली शर्मा को समाज कल्याण विभाग में निदेशक, निःशक्तता की जिम्मेदारी दी गई है। 2024 बैच के IAS अधिकारियों को भी मिली कमान
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 2024 बैच के कई IAS अधिकारियों को एसडीओ की जिम्मेदारी दी गई है। विरूपाक्ष विक्रम सिंह को दानापुर, प्रिया रानी को सासाराम और कृष्णा जोशी को बाढ़ का एसडीओ बनाया गया है। इसके अलावा प्रेम कुमार, सैयद आदिल मोहसीन, अजय यादव, सूरज कुमार, विग्नेश टीए, जतिन कुमार, के. परीक्षित, महेश कुमार और कशिश बक्शी को भी विभिन्न अनुमंडलों में एसडीओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।