सोते समय अज्ञात लोगों ने पुजारी की लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी। भक्तों ने जब शव पड़ा देखा,तब सूचना पुलिस को दी। सूचना पर तत्काल पुलिस अधिकारी पहुंचे। जहां उन्होंने घटना का जायजा लिया।
महोबा जिले में कोतवाली कुलपहाड़ के कस्बा बेलाताल स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पुजारी की शुक्रवार की रात लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह जब भक्त मंदिर पहुंचे तो परिसर में पुजारी का खून से लथपथ शव देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अपर एसपी, सीओ व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पहुंच जांच की और साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के भाई ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जनपद हमीरपुर के अमगांव निवासी उदित नारायण (65) महोबा जिले के कस्बा बेलाताल स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में करीब 16 वर्ष से पूजा-अर्चना करता था। वह मंदिर परिसर में ही रहता था। सुबह पुजारी का शव खून से लथपथ मिला। सिर व गले में गंभीर चोटों के निशान मिले। मंदिर पहुंचे भक्तों ने बताया कि शाम को पूजा-अर्चना के दौरान पुजारी मंदिर में थे। देर रात घटना को अंजाम दिया गया। सूचना पर अपर एसपी वंदना सिंह, सीओ अनिरुद्ध कुमार, कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी सुजीत जायसवाल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य एकत्र करते हुए लोगों से जानकारी ली। मृतक के भाई जुगल ने बताया कि उदित नारायण लंबे समय से मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना करते थे। रात के समय अज्ञात लोगों ने उनकी लाठी-डंडे से पीटकर हत्या की है। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। उधर, अपर एसपी का कहना है कि मंदिर में पुजारी का शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल की जांच की गई। मृतक करीब 15 सालोंं से बेलाताल में रह रहे थे। जानकारी करने पर बताया गया कि पुजारी नशा आदि का सेवन करते थे। घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। जिनका परीक्षण व विश्लेषण कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।