खेत की रखवाली करने गए किसान की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर सीओ कुलपहाड़ व थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच घटना का जायजा लिया। मृतक के शरीर में गंभीर चोटों के निशान मिले और पैर की हड्डियां भी टूटी मिली है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महोबा जिले में महोबकंठ थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में मंगलवार की रात पिपरी गांव निवासी हरनारायण राजपूत (54) करीब दस बीघा भूमि में खेती करके परिवार का भरण-पोषण करता था। इस सीजन में उसने खेत पर मूंग की फसल बोई थी। उसकी रखवाली के लिए रात को वह खेत में बनी झोपड़ी में ही लेटता था। रात के समय अज्ञात लोगों ने उसकी लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी सुनीता ने बताया कि पति खेत पर सोते थे। झोपड़ी के बगल में पड़ा मिला शव
सोमवार की रात आठ बजे वह खाना खाकर खेत गए थे। मंगलवार की सुबह वह जब घर नहीं आए, तो लगा कि उन्होंंने खेत पर ही खाना बनाकर खा लिया होगा। मंगलवार की रात भी वह खाना खाने नहीं आए। आशंका होने पर पत्नी व परिजन खेत पहुंचे, तो हरनारायण का शव झोपड़ी के बगल में पड़ा मिला। शरीर में गंभीर चोटों के निशान थे। हाथ-पैर की हड्डियां भी टूटी थीं। सूचना मिलते ही रात में सीओ रविकांत गोंड, एसओजी टीम और थानाध्यक्ष विनोद कुमार सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। सीओ का कहना है कि जांच के दौरान मृतक के शरीर में गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए गए हैं। मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।