जर्जर स्कूल भवन को लेकर नन्हे छात्र-छात्राओं का आक्रोश सामने आ गया। बच्चों ने कक्षाओं में जाने से इनकार कर दिया और विद्यालय के बाहर बैठकर करीब चार घंटे तक नारेबाजी करते रहे। शिक्षकों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे अपनी मांग पर अड़े रहे। बारिश शुरू होने के बाद सभी बच्चे अपने घर चले गए।
कानपुर के घाटमपुर विकासखंड के समूही भटपुरवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का भवन लंबे समय से जर्जर है। यहां दो कमरों में 122 बच्चे पढ़ते हैं। वर्ष 2023 में भवन का जर्जर हिस्सा गिरने से एक बच्ची घायल भी हो चुकी है। इसके बाद जर्जर हिस्से को विभागीय अनुमति से गिराकर उसकी नीलामी कर दी गई थी, लेकिन तब से विद्यालय केवल दो कमरों में संचालित हो रहा है। तीन साल से भवन निर्माण की मांग
ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय का नया भवन बनवाने के लिए करीब तीन वर्षों से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की जा रही है। भवन न होने के कारण विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र भी एक ग्रामीण के घर में चल रहा है। शनिवार को बच्चों ने इसी समस्या को लेकर कक्षाओं का बहिष्कार कर दिया और विद्यालय के बाहर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। केंद्र से धन स्वीकृत, प्रदेश स्तर की मंजूरी बाकी
मामले की जानकारी मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी दीपक अवस्थी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए केंद्र से धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। अब प्रदेश स्तर से स्वीकृति का इंतजार है। स्वीकृति मिलते ही विद्यालय भवन का निर्माण शुरू करा दिया जायेगा।