छावनी परिषद कार्यालय में सीबीआई की टीम ने छापेमारी कर रिश्वत मांगने के आरोप में एक महिला अधिकारी और एक कर्मचारी को पकड़ा। आरोप है कि सेवानिवृत्त सफाईकर्मी के बकाया भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों से घंटों पूछताछ की गई।
मामला छावनी परिषद में सफाई नायक के पद पर कार्यरत रहे रूप लाल से जुड़ा है। वह वर्ष 2016 में सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पेंशन और फंड का पूरा भुगतान नहीं मिला। भुगतान के लिए वह लगातार कार्यालय के चक्कर लगाते रहे। बाद में परेशान होकर उन्होंने दिसंबर 2025 में हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। जनवरी 2026 में न्यायालय ने छावनी परिषद को उनके बकाया भुगतान के संबंध में आदेश दिया था। आठ लाख रुपये बकाया, पांच हजार की रिश्वत का आरोप
छावनी परिषद की ओर से रूप लाल के करीब आठ लाख रुपये बकाया बताए गए थे। लगभग सात महीने पहले उन्हें चार लाख रुपये का भुगतान किया गया था। शेष धनराशि ऑडिट के बाद देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। आरोप है कि अकाउंट विभाग के एक कर्मचारी ने शेष भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के लिए पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी। इसके बाद रूप लाल ने संबंधित कर्मचारी और अधिकारी के खिलाफ सीबीआई से शिकायत की।
कार्रवाई के दौरान कार्यालय में मची हलचल
शिकायत के आधार पर सीबीआई की टीम गुरुवार शाम छावनी परिषद कार्यालय पहुंची। टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को रोककर पूछताछ की तथा संबंधित दस्तावेजों की जांच की। रात करीब साढ़े नौ बजे एक व्यक्ति ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए मीडिया को जानकारी दी कि रिश्वत मांगने के मामले में एक महिला अधिकारी और कर्मचारी को पकड़ा गया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। कार्यालय के पास मौजूद कुछ कर्मचारियों और उनके परिजनों के मुताबिक, रूप लाल लंबे समय से अपने बकाया भुगतान के लिए परेशान थे। इसी दौरान उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ और बाद में हृदय संबंधी बीमारी भी हो गई। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह रिश्वत की रकम देने में असमर्थ थे। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के भुगतान पर उठे सवाल
इस कार्रवाई के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान में हो रही देरी और कथित रिश्वतखोरी का मामला चर्चा में आ गया है। कर्मचारियों के भुगतान से जुड़ी फाइलों की जांच के बाद अन्य मामलों में भी अनियमितताओं की जानकारी सामने आने की संभावना है। पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
छावनी परिषद कार्यालय में इससे पहले भी सीबीआई कार्रवाई कर चुकी है। सितंबर 2023 में एक सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी के पीएफ और ग्रेच्युटी भुगतान के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में एक वरिष्ठ लिपिक और कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया था।