दिल्ली-चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर विवाद गहराया, सुप्रीम कोर्ट ने अलग सुनवाई से किया इनकार

SHARE:

चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े कानून को लेकर चल रहे विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने अहम रुख अपनाया है। अदालत ने विभाजित फैसले को वापस लेने की मांग वाली याचिका पर अलग से सुनवाई करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस मामले में उठाए गए सभी मुद्दों पर पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ विचार कर सकती है।
शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के सामने यह मामला उठाया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने मांग की कि विभाजित फैसले को वापस लेने संबंधी याचिका पर उसी पीठ के सामने सुनवाई होनी चाहिए, जिसने 23 सितंबर को फैसला सुनाया था।
इस मामले में न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की दो सदस्यीय पीठ ने अलग-अलग राय दी थी। विवाद इस बात को लेकर था कि मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई बड़ी संविधान पीठ को करनी चाहिए या नहीं।
अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने दलील दी कि मूल पीठ के एक न्यायाधीश के बेटे चुनाव आयोग की ओर से वकालत कर रहे थे, इसलिए हितों के टकराव का सवाल उठता है। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित न्यायाधीश अगले सप्ताह सेवानिवृत्त होने वाले हैं, ऐसे में पुनर्विचार याचिका पर जल्द सुनवाई जरूरी है।
इस पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ पुनर्विचार याचिका पर भी विचार कर सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मूल पीठ के एक न्यायाधीश के सेवानिवृत्त होने के बाद भी यह मुद्दा संविधान पीठ के सामने उठाया जा सकता है। अदालत ने अलग से तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की।
क्या है नियुक्ति कानून को लेकर विवाद
मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून में चयन समिति के स्वरूप को बदला गया है। इस कानून के तहत चयन समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री की ओर से नामित केंद्रीय कैबिनेट मंत्री को शामिल किया गया है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने अनूप बरनवाल मामले में कानून बनने तक चयन समिति में प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश को शामिल करने का निर्देश दिया था। नए कानून में मुख्य न्यायाधीश को समिति से बाहर कर दिया गया, जिसे याचिकाकर्ताओं ने चुनौती दी है।
दो न्यायाधीशों के फैसले में क्यों आया था मतभेद
23 सितंबर को न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने मामले को बड़ी पीठ के पास भेजने के सवाल पर अलग-अलग राय दी थी। न्यायमूर्ति दत्ता ने बड़ी पीठ को मामला भेजने की मांग से असहमति जताई थी, जबकि न्यायमूर्ति शर्मा ने संवैधानिक महत्व के सवालों को देखते हुए बड़ी पीठ से सुनवाई कराने की जरूरत बताई थी। अब पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ कानून की संवैधानिक वैधता और इससे जुड़े अन्य कानूनी सवालों पर विचार करेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई