साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झांसी पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताकर लोगों से ठगी करता था। आरोपी फोन पर अश्लील वीडियो देखने का मामला दर्ज होने का डर दिखाकर कार्रवाई से बचाने के नाम पर रुपये ऐंठता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी दीपक खंगार लोगों को कॉल कर कहता था कि उनके खिलाफ गंभीर मामला दर्ज है और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद वह मामला खत्म कराने का झांसा देकर क्यूआर कोड भेजता और ऑनलाइन भुगतान करवा लेता था। कई लोग डर के कारण बिना जांच-पड़ताल किए उसके बताए खाते में रकम भेज देते थे। जांच के दौरान साइबर सेल और स्थानीय पुलिस ने आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के टहरका गांव निवासी दीपक खंगार के रूप में की है। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कॉल के दौरान पुलिस वायरलेस और थाने के माहौल जैसी रिकॉर्ड की गई आवाजें चलाता था। जिससे पीड़ितों को उसकी बात पर आसानी से विश्वास हो जाता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और उसके साथ इस गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही उसके बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की भी जांच की जा रही है।