होटल में कमरा लेने के बाद प्रेमी युगल ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। प्रेमी अविवाहित है। वहीं प्रेमिका शादीशुदा है।
झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के पास होटल रॉयल इन के कमरे में प्रेमी युगल ने जहर निगल लिया। अचेत हाल में पुलिस ने उन दोनों को मेडिकल अस्पताल भिजवाया। कुछ देर बाद ही दोनों की मौत हो गई। झांसी के मूल रूप से टहरौली के खिलवारी गांव निवासी युवराज यादव (23) बीए पास करने के बाद एसएससी परीक्षा की तैयारी करता था। परिजनों के मुताबिक पड़ोस में ही भारती (35) उर्फ सिम्मी भी रहती थी।
पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह सिम्मी काम के बहाने घर से निकली थी जबकि युवराज लाइब्रेरी जाने की बात कहकर निकला। सुबह करीब दस बजे दोनों एक साथ रॉयल इन होटल पहुंचे। उन दोनों ने होटल का कमरा नंबर 205 बुक कराया। करीब दो घंटे बाद जब होटल कर्मचारियों ने रूम सर्विस के लिए दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। उन लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में नवाबाद पुलिस जा पहुंची। कमरा खुलवाने पर दोनों ही बिस्तर पर अचेत हाल में पड़े थे। उन दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था। मेडिकल अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने भी जहर निगलने की पुष्टि की। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम का कहना है कि अभी तक जांच पड़ताल में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। कुछ घंटे बाद परिजन भी वहां पहुंच गए। दोनों के परिजन उनके बीच के संबंध की जानकारी से इन्कार कर रहे हैं। अफसर बनना चाहता था युवराज
युवराज के पिता जयपाल सिंह यादव के पास 50 बीघे से अधिक जमीन है लेकिन, उनके तीनों बेटे सरकारी नौकरी करना चाहते हैं। परिवार में युवराज सबसे बड़ा था, जबकि उसके दो छोटे भाई विनय और विकास जुड़वा हैं। विनय पिछले साल ही यूपी पुलिस में बतौर सिपाही भर्ती हुआ। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उसकी तैनाती इन दिनों सीतापुर में है, जबकि विकास भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटा है। परिजनों का कहना है कि विनय की नौकरी लगने के बाद से युवराज भी जी-जान से पढ़ाई में जुटा था। एसएससी परीक्षा पास करके अफसर बनना उसका सपना था। पड़ोस में रहने वाली सिम्मी से उसकी नजदीकी बढ़ गई। सिम्मी का पति राजेंद्र प्राइवेट काम करता था। सिम्मी और युवराज के बीच उम्र में बड़ा फासला है। इसके बावजूद सिम्मी उसके साथ जीने-मरने की कसमें खाने में नहीं हिचकी। दोनों परिवार से छुपकर एक दूसरे से मिलते रहे। परिजनों का दावा है कि उनके बीच के प्रेम संबंधों की भनक उनको नहीं थी लेकिन, गांव के लोगों का कहना है कि कुछ दिनों पहले इस बात को लेकर परिवार के बीच विवाद हुआ था। सीओ सदर लक्ष्मीकांत गौतम का कहना है कि अभी शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ मामले की आगे जांच कराई जा रही है।