वाहनों में तेज और कर्कश आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। यातायात पुलिस ने जब्त किए गए 180 मॉडिफाइड साइलेंसर समेत अन्य प्रतिबंधित उपकरणों को रोड रोलर से कुचलवाकर नष्ट करा दिया।
रविवार को यातायात निदेशालय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत इलाइट चौराहे पर यह कार्रवाई की गई। विभिन्न वाहनों से उतरवाए गए मॉडिफाइड यानी पटाखा साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और तुरहियों को सड़क पर रखवाया गया। इसके बाद रोड रोलर चलवाकर सभी उपकरणों को नष्ट कर दिया गया। यातायात पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न से निकलने वाली तेज आवाज से आम लोगों को परेशानी होती है। विशेष रूप से बुजुर्गों, मरीजों और छात्र-छात्राओं को इसका सामना करना पड़ता है। ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। मानकों के विपरीत बदलाव करने वालों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत बदलाव करने और सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट कराए उपकरण
इलाइट चौराहे पर हुई कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात रामवीर सिंह और प्रभारी निरीक्षक यातायात देवेंद्र कुमार शर्मा मौजूद रहे।