चित्रकूट में जिंदा जलाकर हत्या के मामले में प्रजापति महासभा ने पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा

SHARE:

चित्रकूट में शिवनरेश प्रजापति की जली हुई लाश मिलने के मामले में प्रजापति समाज के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासभा फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल प्रजापति के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा और परिजनों को इस दुख की घड़ी में न्याय दिलाने का भरोसा दिया। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से वार्ता कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
गौरतलब हो कि तीन नवंबर 2026 को सरधुवा थाना क्षेत्र के अर्की गांव में शिवनरेश प्रजापति पुत्र रामकुमार प्रजापति के साथ दर्दनाक घटना हुई थी। परिजनों के मुताबिक, तीन नवंबर की रात शिवनरेश का अपहरण कर पहले घर में मारपीट की गई और फिर जिंदा जला दिया गया। आरोप है कि घटना के साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को गांव के बाहर खेतों की तरफ दोबारा जलाया गया। परिजनों ने पहले थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। छह नवंबर को उनका जला हुआ शव बरामद हुआ, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को दिया भरोसा
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल प्रजापति ने पूरे मामले की जानकारी ली और परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
रामपाल प्रजापति ने कहा कि शिवनरेश प्रजापति के साथ हुई घटना बेहद गंभीर और पीड़ादायक है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन से बातचीत कर दो दिन के अंदर दोषियों की गिरफ्तारी तथा मामले में सुसंगत धाराओं में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई है। परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और न्याय मिलने तक समाज उनके साथ खड़ा रहेगा।
पुलिस प्रशासन से की गई वार्ता
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मुलाकात कर घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बांदा से पहुंचे वरिष्ठ समाजसेवी भोला प्रसाद प्रजापति नेता जी और अधिवक्ता मेघराज प्रजापति भी मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है समाज
प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में समाज उनके साथ है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संगठन आगे भी प्रयास करता रहेगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई