शादी का भरोसा देकर युवती से संबंध बनाने और बाद में गर्भपात कराने के आरोप में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मैट्रिमोनियल एप के जरिए युवतियों से संपर्क कर उन्हें शादी का झांसा देने और शोषण करने का आरोप है। पीड़िता ने दावा किया है कि आरोपी पहले भी कई शादियां कर चुका है।
मामला गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के बीकानेर निवासी नरेंद्र शर्मा (32) फिलहाल दिल्ली के गोविंदपुरी क्षेत्र के तुगलकाबाद इलाके में रह रहा था। जीवनसाथी एप के जरिए उसकी पहचान एक युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का भरोसा देकर युवती से संबंध बनाए।
आरोप है कि इस दौरान युवती गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता की शिकायत पर 22 नवंबर को नंदग्राम थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़िता ने 14 शादियां करने का लगाया आरोप
पीड़िता का दावा है कि आरोपी इससे पहले 14 शादियां कर चुका है और जीवनसाथी एप के माध्यम से दूसरी युवतियों को भी अपने संपर्क में लाता था। उसने तीन-चार अन्य युवतियों के साथ आरोपी के फोटो भी पुलिस को दिखाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी शादी के बाद कारोबार शुरू करने के नाम पर युवतियों से रुपये भी मांगता था। मेरठ में शादी की बातचीत होने का आरोपी का दावा
सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अन्य शादियां करने से इनकार किया है। आरोपी के अनुसार, 25 सितंबर 2025 को वह मेरठ गया था, जहां परिवार की सहमति से शादी की बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे। आरोपी ने संबंधों को आपसी सहमति से बनाने और युवती के गर्भवती होने की बात कही। उसने मानसिक परेशानी का हवाला देते हुए गर्भपात कराने की बात स्वीकार की है। पीड़िता के अन्य शादियों संबंधी दावों की जांच की जा रही है।