खेतों में फसल की पैदावार बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाली खाद के नाम पर किसानों के साथ धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। नामी कंपनियों की खाली बोरियों में नमक, मिट्टी और गेरू का मिश्रण भरकर नकली डीएपी, पोटाश, जिंक और सल्फर तैयार किया जा रहा था। इस मिलावटी खाद को असली बताकर बाजार में निर्धारित कीमत पर बेचा जा रहा था। कृषि विभाग की छापेमारी में गोदाम के अंदर नकली खाद बनाने का पूरा इंतजाम मिला।
मामला कानपुर के मकसूदाबाद क्षेत्र का है। रविवार देर रात रनियां पुलिस ने दुकान पर भेजी जा रही नकली डीएपी की 150 बोरियां पकड़ी थीं। इसके बाद कृषि विभाग की टीम ने सोमवार को मकसूदाबाद स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां गेरू, नमक और मिट्टी मिलाकर खाद तैयार करने का काम सामने आया। गोदाम में नकली खाद की पैकिंग के लिए मशीनें भी लगी हुई थीं।
अधिकारियों को मौके से आईपीएल के नाम वाली बोरियों में नकली पोटाश और पीपीएल कंपनी के नाम पर तैयार डीएपी की बोरियां मिलीं। इसके अलावा करीब एक हजार खाली डीएपी की बोरियां, दयाल जिंक के 125 खाली पैकेट, जिंक से भरी 14 बोरियां, सम्राट नाम के सल्फर के 700 पैकेट और तलवार नाम के जिंक के दो हजार खाली पैकेट बरामद हुए। गोदाम को सील कर दिया गया। चार जिलों में की जा रही थी सप्लाई
जिला कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह के मुताबिक, गोदाम में नकली खाद बनाने का काम जुलाई से चल रहा था। यहां तैयार माल की आपूर्ति उन्नाव, कानपुर देहात, कन्नौज और औरैया में की जा रही थी। किसानों को ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर निर्धारित बाजार मूल्य पर ही नकली खाद बेची जा रही थी। इस तरह किसानों से असली खाद की पूरी कीमत वसूली जा रही थी। मकान मालिक के खिलाफ दी गई तहरीर
मकान मालिक रोहित कुमार ने अधिकारियों को बताया कि उसने गोदाम घनश्याम नाम के व्यक्ति को किराये पर दिया था, लेकिन वह किराये का कोई समझौता पत्र नहीं दिखा सका। छापेमारी के दौरान खाद की लोडिंग कर रहे दो मजदूर मौके से भाग निकले। कृषि विभाग की टीम ने गोदाम सील कर दिया और मकान मालिक रोहित कुमार के खिलाफ बिठूर थाने में तहरीर दी। बरामद खाद के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।