स्कूली बच्चों के लिए पिकनिक का सफर उस समय मातम में बदल गया, जब रास्ते में खड़ी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 32 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में बड़ी संख्या स्कूली बच्चों की है।
हादसा मंगलवार सुबह करीब छह बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 209.9 के पास हुआ। कौशांबी जिले के ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस वृंदावन और मथुरा के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों को लेकर वापस लौट रही थी। बस में करीब 50 बच्चे और स्कूल स्टाफ के सदस्य सवार थे। बच्चों को शौचालय जाने के लिए चालक ने बस एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान आगरा की तरफ से आ रहे आलू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और बचाव दल मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 24 छात्र और आठ स्कूल कर्मचारी घायल हुए हैं। चार छात्रों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान आर्यन चौरसिया (14), रजिउल्लाह (16), अरमान (17) और जैद मिर्जा (17) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, बस में करीब 50 लोग सवार थे। ट्रक की टक्कर से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
स्कूल प्रबंधक और एक बच्चे की हालत गंभीर
हादसे में गंभीर रूप से घायल स्कूल प्रबंधक सलमान और एक बच्चे को बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर किया गया है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। प्रशासन की ओर से घायल बच्चों के उपचार की व्यवस्था की गई है। वहीं, सुरक्षित बचे बच्चों को दूसरे वाहनों से उनके घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।