शादीशुदा महिला के साथ छेड़खानी करने और विरोध किए जाने पर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। वारदात के दौरान महिला के आठ वर्षीय नाती ने आरोपी को देख लिया और शोर मचाने लगा। पकड़े जाने और राज खुलने के डर से आरोपी ने मासूम की भी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बदायूं जिले के बिनावर थाना क्षेत्र के कान्हा नगला गांव की है। यहां 13 नवंबर की रात नियाज बानो और उनके आठ वर्षीय नाती अफनान की हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव घर में चारपाई पर मिले थे। 14 नवंबर की सुबह मृतका की बेटी हिना चाय लेकर घर पहुंची तो घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर मां और बेटे के शव देखकर उसकी चीख निकल गई। दोनों के गले पर चोट के निशान थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे।
पुलिस के मुताबिक, मृतका का दूर का रिश्तेदार आरोपी दिल्ली में सिलाई का काम करता था। वह घटना से एक दिन पहले गांव आया था। 13 नवंबर की रात वह महिला के घर पहुंचा और उनके साथ छेड़खानी करने लगा। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने हाथों से उनका गला घोंट दिया। इसी दौरान बरामदे में सो रहा आठ वर्षीय नाती जाग गया और कमरे में पहुंचकर शोर मचाने लगा। इसके बाद आरोपी ने बच्चे का मुंह दबाकर उसका भी गला घोंट दिया। दोनों की हत्या के बाद शव चारपाई पर लिटाकर कंबल से ढक दिए और फरार हो गया। दिल्ली से गांव आया था आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी मृतका का दूर का रिश्तेदार था। उसका महिला के घर आना-जाना था। पुलिस की चार टीमों ने साक्ष्य जुटाए और जांच के दौरान आरोपी की पहचान हुई। मंगलवार को पुलिस ने विजय नगला चौराहे से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने महिला के प्रति आकर्षित होने और शारीरिक संबंध बनाने की मंशा से घर पहुंचने की बात बताई। न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में नशे का आदी होने की बात भी बताई। महिला के विरोध और शोर मचाने पर बदनामी के डर से उसने हत्या कर दी। वारदात के चश्मदीद बन गए मासूम को भी उसने रास्ते से हटाने के लिए मार डाला। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।