गाजियाबाद-कार लोन वेरिफिकेशन से इनकार पर बेटी ने पिता पर तानी पिस्टल

SHARE:

कार लोन के वेरिफिकेशन से इनकार करने पर बेटी का पिता से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद बेटी ने भाभी के साथ हाथापाई की और वहां से चली गई। करीब 25 मिनट बाद वह अपनी सहेली के साथ दोबारा घर पहुंची और पिस्टल लहराते हुए पिता व भाभी को धमकाया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मामला गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी का है। यहां रहने वाले हितेश तोमर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी। आठ सितंबर की शाम करीब पांच बजे प्रियंका अपनी एक सहेली के साथ घर पहुंची और पिता से कार लोन वेरिफिकेशन कराने के लिए कहा। हितेश तोमर के अनुसार, उन्होंने कार लोन का वेरिफिकेशन कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रियंका ने कथित तौर पर पिता से गाली-गलौज शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी के साथ भी हाथापाई की गई। हंगामा बढ़ने और पड़ोसियों के पहुंचने पर प्रियंका वहां से चली गई। आरोप है कि करीब 25 मिनट बाद प्रियंका अपनी सहेली के साथ फिर घर पहुंची। दोनों ने घर का मुख्य गेट तोड़ दिया। इसके बाद प्रियंका ने पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी। जान बचाने के लिए दोनों किसी तरह पहली मंजिल पर पहुंच गए। पिस्टल लहराने और हाथापाई की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
बेटी और सहेली के खिलाफ मुकदमा
पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि आरोपी बेटी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज बनी अहम साक्ष्य
घटना के दौरान पिस्टल लहराने की पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज और शिकायत के आधार पर घटना के प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद के दौरान इस्तेमाल की गई पिस्टल आरोपी के पास कहां से आई।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई