संकल्प से सिद्धि की ओर, प्रजापति समाज ने शिक्षा के मंदिर की रखी नींव

SHARE:

शिक्षा, सामाजिक एकता और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर प्रजापति समाज ने एक ऐतिहासिक पहल की है। समाज के सामूहिक संकल्प और सहयोग से शिक्षा के एक नए केंद्र की स्थापना की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। विद्यालय का शिलान्यास समाज में शिक्षा की अलख जगाने और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश के सतना जिले के मझगवां क्षेत्र के ग्राम चंदई में संतराम बीए एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में अमर शहीद प्रजापति रामचंद्र विद्यार्थी विद्यालय संस्थान का भव्य शिलान्यास समारोह रविवार, 15 नवंबर 2026 को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे समाजसेवियों, उद्योगपतियों, जनप्रतिनिधियों, संतों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासभा फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल प्रजापति, बांदा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की तरक्की और सामाजिक परिवर्तन का सबसे मजबूत आधार है। समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी के नाम पर स्थापित होने जा रहा यह विद्यालय आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों ने जिस एकजुटता और उदारता के साथ इस पुनीत कार्य में सहयोग दिया है, वह संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ने का उदाहरण है। ऐसे प्रयासों से समाज में शिक्षा, जागरूकता और एकता को नई मजबूती मिलेगी।
विद्यालय निर्माण के लिए लाखों रुपये के सहयोग की घोषणा
विद्यालय निर्माण के लिए समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग की घोषणा की। मेरठ के दारा सिंह प्रजापति ने 11 लाख रुपये, वेदप्रकाश प्रजापति ने 9 लाख रुपये, सती माता ट्रस्ट की ओर से चंद्रप्रकाश प्रजापति ने 4 लाख रुपये और शिक्षा के लिए निकाली गई भिक्षा यात्रा में 5 लाख रुपये के सहयोग की घोषणा की।
राजस्थान के विधायक डूंगर राम गेदर ने 51 हजार रुपये, सर्व प्रजापति शक्ति ट्रस्ट की ओर से मुंबई के अजय प्रजापति ने 51 हजार रुपये, दिनेश प्रजापति ने 1 लाख 21 हजार रुपये, जिला प्रजापति संघ सतना ने 1 लाख रुपये और शिव शक्ति धर्मस्त सेवा ट्रस्ट ने 4 लाख रुपये देने की घोषणा की। संजय प्रजापति ने 30 हजार रुपये, मुरैना के दशरथ प्रजापति (फौजी) ने 11 हजार रुपये तथा अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासभा फोरम की ओर से बांदा के रामपाल प्रजापति ने 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। जयनारायण प्रजापति ने विद्यालय में एक कमरे के निर्माण की पूरी जिम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया। इनके अलावा भी कई लोगों ने आर्थिक सहयोग की घोषणा की।
देशभर के समाजसेवियों ने दर्ज कराई उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरठ के समाजसेवी दारा सिंह प्रजापति रहे। विशिष्ट अतिथियों में उद्योगपति वेदप्रकाश प्रजापति, राजस्थान के विधायक डूंगर राम गेदर, डॉ. गीतम सिंह प्रजापति, बांदा के रामपाल प्रजापति, हिसार हरियाणा के डॉ. केके वर्मा, इंदौर के डॉ. राज प्रजापति, हमीरपुर के रामप्रकाश प्रजापति, नारायणदास प्रजापति, आजमगढ़ के प्रजापति चेतना पत्रिका के संपादक सत्यम प्रजापति, विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति, चित्रकूट प्रजापति धर्मशाला खोही के रामकुमार प्रजापति, राजेंद्र त्यागी, कानपुर के बासुदेव प्रजापति, बिहार के संजय प्रजापति, झारखंड माटी कला बोर्ड के शंभुनाथ प्रजापति, चित्रकूट में गरीब बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षण संस्थान संचालित कर रहे राजकरण प्रजापति, सतना के गोरेलाल प्रजापति, कुंजीलाल प्रजापति, राजेश प्रजापति, डॉ. संजीव प्रजापति और जौनपुर के वीर सिंह प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। हरिद्वार से महामंडलेश्वर श्री 1008 राम मुनि महाराज का विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
पांच एकड़ भूमि पर बनेगा शिक्षा का केंद्र
संतराम बीए एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी की यह पहल पांच एकड़ भूमि पर आकार लेने जा रहे विद्यालय के माध्यम से समाज में शिक्षा की नई अलख जगाने का प्रयास है। संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रजापति और सचिव भारत प्रजापति के अथक प्रयासों से यह संकल्प साकार होने की दिशा में आगे बढ़ा है।
डॉ. केके वर्मा और चंद्रप्रकाश प्रजापति की रही विशेष भूमिका
इस अभियान के प्रमुख सूत्रधारों में हिसार हरियाणा के डॉ. केके वर्मा और दिल्ली के नंगे पैर रहने वाले चंद्रप्रकाश प्रजापति की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का सफल संचालन मुंबई से पहुंचे अजय प्रजापति ने किया। समारोह में उपस्थित लोगों ने विद्यालय को समाज की भावी पीढ़ियों के लिए शिक्षा और सामाजिक बदलाव का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई