अस्पताल की नर्सरी में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से वहां भर्ती नवजात बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई नवजातों को बचाने का मौका तक नहीं मिल सका। हादसे में कम से कम 15 नवजातों की मौत की खबर है।
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति वार्ड की नर्सरी में बुधवार सुबह करीब 6:45 से 7 बजे के बीच आग लगी। हादसे के समय नर्सरी में 16 नवजात मौजूद थे। स्थानीय मीडिया और रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से सिर्फ एक नवजात को सुरक्षित बचाया जा सका। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य वार्ड में लगी। स्थानीय मीडिया ने बताया कि एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में खराबी या विस्फोट के बाद आग भड़कने की आशंका है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक जांच अभी जारी है। आग की सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ वार्ड में कूलिंग अभियान चलाया। बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मियों ने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। जांच के आदेश
हादसे के बाद जांच समिति गठित की गई है। समिति आग लगने के कारणों के साथ अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और घटना के दौरान हुई लापरवाही की भी जांच करेगी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर दुख जताते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। मौतों के आंकड़े में शुरुआती अंतर
हादसे के शुरुआती घंटों में अलग-अलग स्थानीय स्रोतों से मृत नवजातों की संख्या 14 और 15 बताई गई। बाद की रिपोर्टों में स्थानीय प्रसारक जियो टीवी के हवाले से कम से कम 15 नवजातों की मौत की जानकारी सामने आई। रेस्क्यू और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से आंकड़े की पुष्टि और जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।