पुलिस पर बेवजह फंसाने का आरोप लगाकर एक युवक रविवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चले प्रयास के बाद पुलिस उसे नीचे उतारने में सफल रही।
असोथर थाना क्षेत्र के किलापुर निवासी लखन पासवान रविवार सुबह करीब आठ बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर के ऊपर पहुंचने के बाद उसने पुलिस पर उसे बेवजह फंसाने का आरोप लगाया। युवक का कहना था कि पुलिस उसके खिलाफ गलत कार्रवाई कर रही है। उसने टावर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी भी दी। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक से नीचे उतरने की अपील की।पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया कि उसकी शिकायत और पुलिस पर लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। काफी देर तक पुलिस और युवक के बीच बातचीत होती रही। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को भी दूर रखा। पुलिस के समझाने और भरोसा दिलाने के बाद लखन पासवान आखिरकार टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने उससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। युवक ने पुलिस पर किन मामलों में बेवजह फंसाने का आरोप लगाया है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। कहा कि जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।