फतेहपुर-श्रद्धालुओं से भरा लोडर पीपल के पेड़ से टकराकर पलटा, 12 घायल

SHARE:

प्रतापगढ़ के मनगढ़ दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी लोडर रविवार को बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के अलियाबाद गांव के पास अनियंत्रित होकर पीपल के पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में लोडर सवार करीब 12 श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल छह श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है।
दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु थे सवार
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कोरवां गांव के श्रद्धालु रविवार को लोडर से प्रतापगढ़ जिले के मनगढ़ दर्शन के लिए जा रहे थे। लोडर में दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु सवार थे। अलियाबाद गांव के पास पहुंचते ही अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पीपल के पेड़ से जा टकराया। टक्कर के बाद लोडर पलट गई। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोडर में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से करीब 12 घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अल्लीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
छह की हालत नाजुक, कानपुर रेफर
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने कोरवां गांव निवासी निशा (19), प्रीति (18), गुड़िया (25), सृष्टि (4), पूनम (26) और उमा देवी (25) की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर कर दिया।
चालक बोला- पहले स्टेयरिंग, फिर ब्रेक हुए फेल
लोडर चालक रामबाबू ने बताया कि वाहन करीब 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा था। अचानक पहले स्टेयरिंग फेल हो गई, जिससे वाहन बाईं ओर कट गया। इसके तुरंत बाद ब्रेक ने भी काम करना बंद कर दिया। चालक के मुताबिक वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पेड़ से टकराकर पलट गया।
डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, एएसपी ज्ञान प्रकाश राय, सीओ प्रमोद शुक्ला, सीओ प्रयांक जैन, सदर व बिंदकी एसडीएम, राजस्व विभाग की टीम और बिंदकी विधायक जयकुमार जैकी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को घायलों का समुचित व त्वरित उपचार करने के निर्देश दिए।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई