सड़क पर तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। आगे चल रहे ट्रक को पार करने के प्रयास में यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस उससे टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
रविवार तड़के करीब तीन बजे गाजियाबाद से वाराणसी जा रही टूरिस्ट बस कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर आलू लदे ट्रक से टकरा गई। हादसा खागा कोतवाली क्षेत्र के भोगलपुर चौराहे के पास हुआ। बस में चालक और कंडक्टर समेत करीब 40 यात्री सवार थे।
बताया गया कि बस चालक आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही बस का बायां हिस्सा ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हादसे में बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिल्ली के करबल नगर निवासी 31 वर्षीय आशीष कुमार और फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष निवासी 34 वर्षीय आशीष गुप्ता के रूप में हुई। आशीष कुमार बस में अतिरिक्त कंडक्टर थे, जबकि आशीष गुप्ता नोएडा में रहकर व्यापारिक विषयों की तैयारी कर रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर दो एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद छह गंभीर घायलों को फतेहपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चालक पर लापरवाही का आरोप
अस्पताल में भर्ती यात्रियों ने हादसे के लिए बस चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। यात्रियों के मुताबिक बस में दो चालक और दो कंडक्टर थे। हादसे के बाद एक चालक और दोनों कंडक्टर मौके पर मौजूद रहे, जबकि बस चला रहा चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना पर कस्बा इंचार्ज गिरीश द्विवेदी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कराते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के कारणों और फरार चालक के संबंध में जांच की जा रही है।