दिल्ली पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात गैंग के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक कारोबारी का अपहरण कर उसे बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी देने और पिस्टल की नोक पर जबरन समझौतानामा लिखवाने का आरोप है। मामले में उसका एक साथी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पवन कुमार उर्फ मक्खी (38) टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सदस्य है। वह आउटर नॉर्थ दिल्ली में दर्ज अपहरण और धमकी के मामले में वांछित चल रहा था। उसे 21 नवंबर को दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार किया।
मामले की शुरुआत 27 अक्टूबर को हुई थी। अकबरपुर माजरा गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर राकेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि नरेंद्र उर्फ भोलू ने उसे घर के बाहर बुलाया और काली स्कॉर्पियो-एन में बैठा लिया। गाड़ी में पवन उर्फ मक्खी पहले से मौजूद था।
आरोप है कि दोनों उसे पल्ला-झंगोला रोड और बख्तावरपुर स्थित एक कार्यालय समेत अलग-अलग स्थानों पर ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर पहले से दर्ज आपराधिक मुकदमे को वापस लेने और आरोपियों के खिलाफ अदालत में गवाही नहीं देने का दबाव बनाया गया। पुलिस के अनुसार, पवन ने कारोबारी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और डराकर उससे समझौतानामा पर हस्ताक्षर करा लिए। इस मामले में 29 अक्टूबर को अलीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने 30 अक्टूबर को सह आरोपी नरेंद्र उर्फ भोलू को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो-एन भी बरामद की गई थी। हालांकि पवन लगातार पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था। पवन ने रोहिणी अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी, जिसे 6 नवंबर को खारिज कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी और लगातार दबिश तथा तकनीकी निगरानी के जरिए उसे गिरफ्तार कर लिया। तीन आपराधिक मामलों में नाम आने का दावा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अलीपुर और हरियाणा के कुंडली थाने में दर्ज मामले शामिल हैं। पिस्टल और समझौतानामा की तलाश जारी
पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल कथित पिस्टल और जबरन हस्ताक्षर कराए गए समझौतानामा की बरामदगी के प्रयास कर रही है। इसके साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।