कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक हिस्ट्रीशीटर ने डाई पीने के बाद शरीर पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में जमीन पर कब्जे और मारपीट के आरोप भी सामने आए हैं।
इटावा के नौरंगाबाद के गिलहरी पुल निवासी सावन (32) सोमवार को अपनी पत्नी ज्योति के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा था। डीएम कार्यालय के बाहर उसने डाई पीने के बाद पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे रोक लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पत्नी ज्योति का आरोप है कि छह अक्टूबर को काहरान पुल पर कुछ लोगों ने सावन को घेरकर मारपीट की थी। उसी दिन दोबारा भी उसके साथ मारपीट की गई। ज्योति ने एक संगठन चलाने वाले युवक पर उनकी जमीन पर कब्जा करने और हर महीने रंगदारी देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
ज्योति के मुताबिक, मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर दंपती अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाने पहुंचा। बताया गया कि दो दिन पहले भी ज्योति एसएसपी कार्यालय गई थी। घटना के बाद पुलिस ने सावन को अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि सावन कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जमीन को लेकर विवाद का आरोप
सावन की पत्नी ने जमीन पर कब्जा करने और रंगदारी देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। साथ ही मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने की बात कही है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
डीएम कार्यालय के बाहर घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने सावन को आत्मदाह करने से रोक लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।