आईआरएस अधिकारी के बेटी की नृशंस हत्या कर दी गई। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं घर वालों ने पुराने नौकर पर हत्या की आशंका जताई है।
दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित कैलाश हिल इलाके में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घरेलू सहायक पर मुख्य रूप से संदेह जताया जा रहा है, जो वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। मृतका के माता-पिता सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच जिम के लिए घर से निकले थे। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान घर में वारदात को अंजाम दिया गया। जब दंपति वापस लौटे तो उन्होंने अपनी बेटी को घर में मृत अवस्था में पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में मृतका के सिर और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या गला घोंटकर की गई है और इसमें मोबाइल चार्जर के वायर का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रही है। इसके अलावा दुष्कर्म के बाद हत्या की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि इस संबंध में पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतका ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर ली थी और इन दिनों संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रही थी। वह इकलौती बेटी थी। उसकी इस तरह की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। जांच के दौरान सामने आया है कि संदिग्ध घरेलू सहायक है, जिसकी पहचान राहुल मीणा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। अधिकारी ने एजेंसी से नौकर राहुल मीणा को रखा था। आरोपी का पुलिस से सत्यापन कराया गया था। बताया जा रहा है कि उसे करीब डेढ़ महीने पहले ही नौकरी से निकाल दिया गया था। परिवार को उस पर घर के सामान से जुड़े पैसों में हेराफेरी का शक था, जिसके बाद उसे हटाया गया था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी रंजिश के चलते बदला लेने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपी को घटना के समय के आसपास इलाके में देखा गया है, जिससे शक और गहरा गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है।