भाजपा नेता और पूर्व चेयरमैन के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जबकि थाना प्रभारी से पूरे प्रकरण को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।
बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद कस्बे में पूर्व चेयरमैन और भाजपा नेता राजकुमार लोधी तथा उनके छोटे भाई सतीश लोधी के खिलाफ करीब छह दिन पहले गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद राजकुमार लोधी ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद शनिवार को स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी और डिबाई विधायक चंद्रपाल सिंह ने एसएसपी से मुलाकात कर प्रकरण में हस्तक्षेप की मांग की। मामला तूल पकड़ने के बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने औरंगाबाद थाने में तैनात मुंशी जॉनी और विवेक शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं थाना प्रभारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ सिटी ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर मुंशी जॉनी और विवेक शर्मा को निलंबित किया गया है। थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने की कार्रवाई वापस लेने की मांग
स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी ने भाजपा नेता राजकुमार लोधी के खिलाफ की गई गुंडा एक्ट की कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई जाएगी। भाजपा जिला महामंत्री दीपक दुल्हेरा ने भी राजकुमार लोधी को पार्टी का मजबूत स्तंभ बताते हुए उनके साथ खड़े रहने की बात कही।