बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नीचे गुमटी में बुधवार शाम युवक का शव पड़ा मिला। उसके सिर के पीछे चोट के निशान बताए गए हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची देहात कोतवाली पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव निवासी भोला उर्फ दर्शन 42 सिंह पुत्र जगनंदन सिंह बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नीचे चाय-गुटखा की गुमटी चलाता था। बुधवार शाम टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने गुमटी के अंदर उसका शव पड़ा देखा और परिजनों को सूचना दी। पत्नी पूजा ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद देहात कोतवाली पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक युवक के सिर पर चोट थी। वहीं मृतक के चाचा संजीव सिंह ने गले में भी घाव के निशान होने की बात कही। उनका आरोप है कि भोला का गला रेतकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि भोला का परिवार गुमटी की कमाई से चलता था और उसकी किसी से रंजिश नहीं थी।
मृतक अपने पीछे पत्नी पूजा और चार बेटियां छोड़ गया है। परिजनों की ओर से फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। थानाध्यक्ष संजीव चौबे ने बताया कि युवक नशे का आदी था। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
सूचना के बाद पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार अभी मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के हत्या के आरोप की भी जांच की जा रही है।