चेकिंग के दौरान पुलिस और चोरी के मामले में वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि आरोपी की फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार रात करीब 9:55 बजे पुलिस टीम कलापुर पुलिया नहर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मलपुर की ओर से बिना नंबर की बाइक पर आ रहे युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, युवक बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन बाइक फिसल गई। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से सिपाही निशू तिवारी घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान संजय गिरी (30) पुत्र नरेश गिरी निवासी चंद्रपुर जोगियान, थाना सीबीगंज के रूप में हुई है। वह वर्तमान में राजस्थान के भिवाड़ी स्थित कालू कॉलोनी में रह रहा था। घर से जेवर और नकदी चोरी का था आरोप
पुलिस के अनुसार, 13 अक्तूबर को उत्सव महानगर पार्ट-2 निवासी श्याम बिहारी लाल परिवार के साथ बाजार गए थे। इसी दौरान चोर रसोई की खिड़की की ग्रिल निकालकर घर में घुस गए और अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा 30 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। इस मामले में 14 अक्तूबर को इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तमंचा, मोबाइल और 30,220 रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, तीन खोखे, बिना नंबर की बाइक, चोरी के दो मोबाइल फोन, सफेद धातु के आठ सिक्के और 30,220 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि बरामद मोबाइल, सिक्के और नकदी चोरी की घटना से संबंधित हैं। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि घायल आरोपी और सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट के तहत भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।