जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद शादी समारोह में अचानक ऐसा विवाद खड़ा हो गया कि खुशियों का माहौल हंगामे में बदल गया। दूल्हे की एक हरकत से नाराज दुल्हन ने सात फेरे लेने से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर मामला थाने तक पहुंच गया, जहां पुलिस समझौता कराने का प्रयास करती रही।
देवोत्थान एकादशी पर शुक्रवार रात थाना उत्तर क्षेत्र के बोद्याश्रम रोड स्थित गोपाल मैरिज होम में द्वारकापुरी निवासी आकाश की शादी एटा निवासी युवती के साथ हो रही थी। जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा-दुल्हन फोटो सेशन के लिए कमरे में पहुंचे।
दुल्हन का आरोप है कि दूल्हे ने दोनों कैमरामैन को कमरे से बाहर भेज दिया और इसके बाद दूसरी युवती को अंदर बुला लिया। दूल्हे ने उस युवती के साथ करीब आधे घंटे तक फोटो खिंचवाए। इसकी जानकारी होने पर दुल्हन नाराज हो गई और उसने इसे अपने सम्मान तथा भरोसे से जुड़ा मामला बताते हुए शादी की बाकी रस्में निभाने से इनकार कर दिया। परिजनों ने दुल्हन को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मैरिज होम में देर रात तक हंगामा चलता रहा। मैरिज होम से थाने पहुंचा विवाद
विवाद बढ़ने पर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग थाना उत्तर पहुंच गए। शादी टूटने की स्थिति बनने के बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत शुरू हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। पुलिस करा रही दोनों पक्षों की काउंसलिंग
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को बैठाकर काउंसलिंग की जा रही है। आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।