पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गिरवां थाना क्षेत्र के तरखरी गांव निवासी रवि साहू ने बताया कि उसकी 28 वर्षीय पत्नी पूनम ने रविवार सुबह घर के कमरे में पंखे की हुक से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। सुबह पति की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इस पर उसने खिड़की तोड़कर अंदर देखा तो पत्नी फंदे पर लटक रही थी। यह देखकर वह चीख पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा। खाना बनाने को लेकर हुई थी कहासुनी
मृतका के पति ने बताया कि रविवार को खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर पूनम ने यह कदम उठा लिया। वहीं मायके से पहुंची मृतका की मां ने बताया कि ससुराल में उसकी बेटी को कोई परेशानी नहीं थी। पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद हुआ था। मायके पक्ष ने फिलहाल नहीं लगाया आरोप
गिरवां थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मायके पक्ष की ओर से फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया गया है।