बाँदा-हवाई हमले का सायरन बजते ही छाया अंधेरा, ब्लैक आउट कर परखी गई तैयारियां

SHARE:

आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल की सुरक्षा और बचाव की तैयारियों को परखने के लिए हवाई हमले और ब्लैक आउट का अभ्यास किया गया। इस दौरान सायरन बजाकर बिजली आपूर्ति बंद की गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और ध्वस्त भवन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रदर्शन किया गया।

मंडलीय जिला चिकित्सालय परिसर में रविवार शाम छह बजे सिविल डिफेंस एयर रेड / ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन जिलाधिकारी अमित आसेरी की उपस्थिति में किया गया। प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के नागरिक सुरक्षा अनुभाग के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही चिकित्सालय परिसर सहित निर्धारित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित कर पूर्ण ब्लैक आउट किया गया। नागरिकों, मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मचारियों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। खतरा समाप्त होने पर ऑल क्लियर की सूचना देने के लिए दो मिनट तक सायरन बजाया गया। इसके बाद नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने अग्निशमन यंत्रों से छोटी आग बुझाने का प्रदर्शन किया, जबकि अग्निशमन विभाग ने फायर टेंडर के माध्यम से बड़ी आग पर काबू पाने का अभ्यास कराया। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और ध्वस्त भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया गया।
अभ्यास के दौरान पुलिस विभाग ने शांति व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और सायरन संचालन की जिम्मेदारी निभाई। स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस, चिकित्सा शिविर और 108 सेवा की व्यवस्था करते हुए अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा। विद्युत विभाग ने ब्लैक आउट और बिजली आपूर्ति बहाली का कार्य किया। अग्निशमन विभाग ने आग बुझाने का प्रदर्शन किया, जबकि नगर पालिका ने पेयजल, सफाई और जनजागरूकता की जिम्मेदारी संभाली।
परिवहन विभाग ने आश्रय स्थलों तक पहुंचने के लिए वाहनों की व्यवस्था की। होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, पीआरडी, युवा कल्याण विभाग और आपदा मित्रों ने भी सहयोग किया।
मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले या किसी अन्य आपातकालीन स्थिति में आम नागरिकों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर त्वरित बचाव कार्यवाही की क्षमता का परीक्षण करना था।
नागरिकों से की गई अपील
प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि सायरन बजने पर घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। ब्लैक आउट के नियमों का पालन करें तथा प्रशासन और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करें। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई