पीड़ितों तथा तीमारदारों को शीतल पेयजल के खातिर आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल कार्यालय एवं जिला अस्पताल (ट्रामा सेन्टर) के पास नगर पालिका के द्वारा वाटर कूलर स्थापना की गई। जिसका उद्घाटन आयुक्त तथा चेयरमैन के द्वारा किया गया।
जनसामान्य को भीषण गर्मी एवं हीट वेव से राहत प्रदान करने हेतु नगर पालिका परिषद बाँदा द्वारा महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को आयुक्त चित्रकूट धाम अजीत कुमार एवं अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बांदा मालती गुप्ता बासू द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर वाटर कूलरों का शुभारंभ किया गया। नगर पालिका परिषद परिसर द्वारा स्थापित किए गए इन वाटर कूलरों के माध्यम से आमजनमानस,अधिवक्ताओं,कर्मचारी सहित आने जाने वाले नागरिकों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही जिला चिकित्सालय में भी वाटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिससे उपचार हेतु आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को गर्मी के मौसम में स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी ने कहा कि नगर पालिका परिषद बांदा के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। तथा गर्मी के इस कठिन दौर में पेयजल की समुचित व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद श्रीचंद, सभासदगण,प्रधान लिपिक केदारनाथ सहित नगर पालिका परिषद बांदा के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।