मामूली विवाद में महिला पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। गिरफ्तारी के साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया हंसिया भी बरामद किया गया है।
जनपद केथाना जसपुरा क्षेत्र के ग्राम बरेहटा में 4 सितंबर को मामूली विवाद को लेकर महिला गीता पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना में महिला के पति राजबहादुर और उसका बेटा अनिल भी घायल हुए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया था। पुलिस ने सोमवार को हत्या की घटना को अंजाम देने वाले मृतका के देवर और भतीजे को गौरीकलां मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामबहादुर पुत्र मइयादीन निवासी बरेहटा, थाना जसपुरा, जनपद बांदा और राजू उर्फ राजेन्द्र पुत्र शिवलोचन निवासी बरेहटा, थाना जसपुरा, जनपद बांदा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या की घटना में प्रयुक्त एक हंसिया बरामद किया गया है। साथ आरोपियों के पास से अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। हत्या के बाद पुलिस ने तेज की थी तलाश
घटना के संबंध में थाना जसपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 149/26 के तहत धारा 3(5), 191(2), 191(3), 190, 118(1), 109(1), 103(1), 333, 115(2), 352 और 351(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया था। सीओ सदर सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में ऋषिदेव सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना जसपुरा; कांस्टेबल दिलीप कुमार; कांस्टेबल अनेन्द्र और महिला कांस्टेबल आरती गुप्ता शामिल रहे।