बाँदा-परिवार नियोजन में सराहनीय कार्य करने पर आशाओं को कमिश्नर ने दिया स्टार ऑफ द मंथ” का अवार्ड

SHARE:

परिवार नियोजन कार्यक्रम की प्रगति को बढ़ावा देने हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकत्रियों को कमिश्नर के द्वारा “स्टार ऑफ द मंथ” प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की मंडल स्तरीय भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के दौरान
परिवार नियोजन कार्यक्रम की प्रगति को बढ़ावा देने हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को “स्टार ऑफ द मंथ” के अंतर्गत सम्मानित किया गया। माह जनवरी 2026 में सुधा गौतम,आशा संगिनी,ग्राम सढ़हा, ब्लॉक नरैनी (जनपद बांदा) द्वारा 08 महिला नसबंदी तथा जनक दुलारी आशा ग्राम कादरगंज,ब्लॉक शिवरामपुर (जनपद चित्रकूट) द्वारा 01 पुरुष एवं 03 महिला नसबंदी कराते हुए मंडल में सर्वाधिक उपलब्धि प्राप्त की गई। बैठक के दौरान आयुक्त अजीत कुमार के द्वारा दोनों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक में आरसीएच पोर्टल पर मंडल की राज्य स्तर पर पांचवीं रैंक प्राप्त करने पर कमिश्नर ने मंडलीय एवं जनपदीय टीम की सराहना की। वहीं आभा आईडी निर्माण में महोबा की 50वीं,चित्रकूट की 40वीं तथा बांदा की 25वीं रैंक तथा एनसीडी स्क्रीनिंग में महोबा की 60वीं,हमीरपुर की 46वीं एवं चित्रकूट की 35वीं रैंक होने पर प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए। मंडल के जिला चिकित्सालयों में IPHL लैब के अंतर्गत निर्धारित 117 जांचों के सापेक्ष कई जांचें अभी प्रारंभ न होने पर संबंधित मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।राष्ट्रीय टीवी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल के चारों जनपदों को राज्य औसत से अधिक वार्षिक नोटिफिकेशन लक्ष्य प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया। मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक ने अवगत कराया कि राज्य स्तर से बजट सीमा उपलब्ध न होने के कारण विभिन्न कमिटेड मदों एवं वर्तमान गतिविधियों के भुगतान लंबित हैं। साथ ही एमबीबीएस चिकित्सकों के 45 रिक्त पदों को भरने हेतु पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद बांदा,हमीरपुर एवं महोबा में वॉक-इन इंटरव्यू न कराए जाने पर आयुक्त द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया।एसेंशियल ड्रग्स की उपलब्धता के संबंध में DVDMS पोर्टल पर विभिन्न स्तर की स्वास्थ्य इकाइयों में दवाओं की उपलब्धता में पाए गए गैप को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए। एचएमआईएस पोर्टल के अनुसार पूर्ण टीकाकरण में मंडल के सभी जनपदों द्वारा औसतन 97 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की गई है। तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के 76,754 वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। आयुक्त ने सभी SNCU, NBSU एवं NRC इकाइयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों को अधिक से अधिक पर्यवेक्षणीय भ्रमण करने तथा पाए गए गैप का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खराब प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने को कहा गया। चिकित्सा इकाइयों में नवजात शिशुओं को 24 घंटे के भीतर बीसीजी एवं अन्य टीके लगाकर U-WIN पोर्टल पर अद्यतन करने तथा आभा आईडी जनरेट करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रत्येक स्वास्थ्य इकाई में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन के अंतर्गत निर्धारित रंग-कोडेड डस्टबिन, लॉगबुक संधारण एवं प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आशा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण उपरांत उनकी रिपोर्टिंग U-WIN पोर्टल पर दर्ज करने तथा किलकारी कार्यक्रम के लाभार्थियों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत टोल-फ्री नंबर 14416 एवं 1800-8914-416 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्रत्येक चिकित्सा इकाई पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हेतु सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें। जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक,मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक,जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित मंडलीय एवं जनपदीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों के अधिकारी तथा यूनिसेफ एवं UPTSU के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment