गेंहू क्रय केंद्र में खरीददारी न किये जाने को लेकर कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए सम्भागीय खाद्य नियंत्रक,चित्रकूटधाम मण्डल का जवाब तलब किया है।
आयुक्त चित्रकूट धाम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पैलानी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई,पेयजल व्यवस्था,चिकित्सकों की उपस्थिति,दवाओं की उपलब्धता एवं भवन की स्थिति संतोषजनक पाई गई। आयुक्त अजीत कुमार ने निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए मरीजों को शीतल पेयजल,पर्याप्त बैठने की व्यवस्था,दवाओं की उपलब्धता तथा हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जाएँ। साथ ही कमिश्नर ने मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इसके बाद कमिश्नर ने उच्च प्राथमिक विद्यालय पैलानी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान समस्त शिक्षक शिक्षण कार्य करते हुए उपस्थित मिले। लेकिन विद्यालय परिसर के बाहर कूड़े का ढेर पाया गया। जिस कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई कराने हेतु उपजिलाधिकारी पैलानी को निर्देशित किया। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षक समय से विद्यालय आएं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें, छात्र-छात्राएं नियमित रूप से विद्यालय व निर्धारित ड्रेस में उपस्थित हों। तथा मिड-डे-मील योजना के अंतर्गत रोस्टर के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तायुक्त भोजन वितरित किया जाए। साथ ही कमिश्नर ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इसके उपरांत आयुक्त ने मण्डी समिति पलरा स्थित गेहूँ क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गेहूँ खुले में रखा पाया गया। मौके पर उपस्थित कृषकों ने बताया कि अभी तक उनकी उपज की खरीद नहीं की गई है। केंद्र प्रभारी द्वारा आवश्यक संसाधनों मार्का,बोरा, कांटा,बैनर एवं स्टेशनरी आदि की उपलब्धता न होने तथा उच्च स्तर से निर्देश प्राप्त न होने की जानकारी की बात कही जा रही है। इस पर आयुक्त अजीत कुमार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्भागीय खाद्य नियंत्रक,चित्रकूटधाम मण्डल से स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही उन्होंने तत्काल प्रभाव से क्रय कार्य प्रारंभ कराने,किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने एवं गेहूँ के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।आयुक्त ने यह भी निर्देश दिये कि जनपद में संचालित सभी गेहूँ क्रय केन्द्रों पर पर्याप्त संसाधन, पारदर्शी खरीद व्यवस्था एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए। जिससे किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए समुचित प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। गर्मी के दृष्टिगत आयुक्त ने सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थलों, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं विद्यालयों में पेयजल, छाया एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने,हीट वेव से बचाव हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा आवश्यकतानुसार राहत उपाय तत्काल लागू करने को कहा है।