दोस्तों के साथ नहाने गया किशोर उसरा नाले में डूब गया। करीब एक घंटे की तलाश के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के खौड़ा गांव निवासी शिवा (11) पुत्र रामराज प्रजापति शनिवार सुबह हमउम्र बच्चों के साथ उसरा नाले में नहाने गया था। नहाते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। काफी देर तक उसके बाहर नहीं निकलने पर साथ गए बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर करीब 30 से 40 ग्रामीणों ने नाले में उतरकर उसकी तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से लगभग 600 मीटर दूर दर्शने बाबा देवस्थान के पास गड्ढे में फंसा शिवा मिला। उसे पानी से बाहर निकालकर जीवित होने की उम्मीद में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार का इकलौता बेटा था शिवा
मृतक के पिता रामराज ने बताया कि शिवा गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। वह तीन बहनों में सबसे छोटा और परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों के मुताबिक, शिवा पहली बार नाले की ओर नहाने गया था। मां से मिन्नतें कर मांगी थी अनुमति
पिता के अनुसार, शनिवार सुबह शिवा ने दोस्तों के साथ जाने के लिए मां कविता से कई बार मिन्नतें की थीं। उसने मां के पैर छूकर उन्हें मनाया और फिर दोस्तों के साथ नहाने चला गया। किशोर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।