श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को बामदेवेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र और पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को बामदेवेश्वर मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
डीआईजी राजेश एस और एसपी पलाश बंसल ने मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश और निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करते हुए उन्हें सुगम और सुरक्षित दर्शन कराने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के साथ ही कानून-व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को भी कहा गया। श्रावण सोमवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक,शहर कोतवाल बलराम सिंह समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।