बाँदा-सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आगाज, नियमों के पालन की दिलाई शपथ

SHARE:

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सोमवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और जागरूकता प्रचार वाहन व बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त अजीत कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. और जिलाधिकारी अमित आसेरी ने उपस्थित जनमानस एवं छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई। मंडलायुक्त ने एनसीसी और स्काउट गाइड कैडेटों सहित छात्र-छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने अभियान का प्रचार गांव-गांव तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी
आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि वाहन चलाते समय बिल्कुल असावधानी न बरतें।इसके साथ ही वाहन चलाने के दौरान हेलमेट तथा सीट बेल्ट का जरूर प्रयोग करे। पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. ने सड़क पर आवागमन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने लोगों से नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।
गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा जागरूकता अभियान
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) उदयवीर सिंह ने प्रतिदिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, एआरटीओ प्रशासन सौरभ कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार, एआरटीओ श्यामलाल, सुबोध तिवारी, वीरेंद्र नाथ राजभर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई