बाँदा-बैंकों और एटीएम के आसपास पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

SHARE:

बैंकों और एटीएम के आसपास होने वाली आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सोमवार को जनपदभर में विशेष बैंक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने बैंक शाखाओं, एटीएम और अन्य वित्तीय संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. के आदेश पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण में 16 नवंबर को यह अभियान चलाया गया। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बैंक शाखाओं, एटीएम और वित्तीय संस्थानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन अलार्म सिस्टम, अग्निशामक यंत्र और आपातकालीन निकास मार्ग सहित सुरक्षा के विभिन्न मानकों को परखा गया।
बैंक प्रबंधन को दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश
पुलिस टीमों ने बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैंक और एटीएम प्रबंधन को 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बैंक कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सहयोग बनाए रखने की अपील भी की।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की हुई जांच
अभियान के दौरान बैंकों और एटीएम के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े अथवा घूम रहे व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की गई। संदिग्ध पाए गए लोगों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया। उन्हें अनावश्यक रूप से बैंक परिसर और उसके आसपास नहीं रुकने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि से दूर रहने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा बैंक आने वाले ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराने के निर्देश दिए गए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई